अशोक 'अंजुम' के दोहे  - दोहा कोश

दोहा कोश

दोहा छंद का विशाल कोश

गुरुवार, 12 जनवरी 2023

अशोक 'अंजुम' के दोहे 

अशोक 'अंजुम' के दोहे 

किसकी बिखरी भावना, किसका टूटा नीड़।
नहीं समझती आँधियाँ, नहीं जानती भीड़।।

मिले सिपाही चोर से, गायब हुए सबूत।
दामन के धब्बे मिटे, न्याय हुआ अभिभूत।।

वही आज लेकर मिले, शीशी भर तेजाब।
कल तक कसमें प्यार की, खाते रहे जनाब।।

अरी व्यवस्था ! क्या कहें, तेरा नहीं जवाब।
जिनको पानी चाहिए, उनको मिले शराब।।

इस जनवादी सोच का, चित्र अनोखा देख।
पाँच सितारा में लिखें, होरी पर आलेख।।

पूछ रही हैं मस्जि़दें, मन्दिर करें सवाल।
भला हमारे नाम पर, क्यों है रोज बवाल।।

मानवता की देह पर, देख-देखकर घाव।
हम कबीर जीते रहे, सारी उम्र तनाव।।

घायल सब आदर्श हैं, सच है मरणासन्न।
भरा-भरा याचक लगे, दाता हुआ विपन्न।।

डॉलर मद में चूर है, रुपया हुआ निढ़ाल।
दिल्ली के दरबार में, बिखरे पड़े सवाल।।

मुट्ठी-भर थी चाँदनी, गठरी-भर थी धूप।
अंजुम जी प्यारा लगा, जीवन का हर रूप।।

महँगाई ने थामकर, हाथों में बंदूक।
दुखिया से खुलवा लिया, पुरखों का संदूक।।

होरी किडनी बेचता, धनिया बेचे लाज।
बाज़ारों की रागिनी, महँगाई का साज।।

आमदनी तो बढ़ रही, फिर भी रहे उदास।
सब चिंतित कैसे बुझे, महँगाई की प्यास।।

थके-थके उत्सव लगें, बुझे-बुझे त्यौहार।
ज़रूरतों के कहकहे, महँगाई की मार।।

अपनी संस्कृति को लगा, अपसंस्कृति का ज़ंग।
ठेके पर जाने लगे, पिता-पुत्र अब संग।।

यह दुनिया बाज़ार है, तोल-मोल कर बोल।
वह उतना ही है बड़ा, जितना जिसका मोल।।

वे विराट होते गए, जो थे कल संक्षिप्त।
पहले सच के साथ थे, अब मिथ्या में लिप्त।।

क्या उसका व्यक्तित्व है, क्या उसकी औकात।
पानी पूछे प्यास से, पहले बतला ज़ात।।

राजा जी चिंतित हुए, बचे किस तरह लाज।
नखरे जब दिखता रही, दो कौड़ी की प्याज।।

मम्मी हैं मद से भरी, पापा हैं अभिभूत।
भरी अटैची माल से, लौटे लिए सपूत।।

मेरी हर उम्मीद पर, डाले समय नकेल।
मेरा चहरा पहनकर, कौन खेलता खेल।।

मैं तुमको दूँगा भुला, तुम भी जाना भूल।
मैंने कहा, ‘कबूल है?’ उसने कहा, ‘कबूल’।।

ना मस्जि़द की चाह है, ना मंदिर से काम।
जहाँ झुकूँ अल्लाह हैं, जहाँ झुकूँ हैं राम।।

मन के मन्दिर ध्वस्त हैं, किसको है परवाह।
बची रहें हर हाल में, किन्तु इबादतगाह।।

नस-नस में है बेकली, रोम-रोम है तप्त।
जाएँ बचकर हम कहाँ, समय हुआ अभिशप्त।।

अरे वक्त, इस बात का, क्या कुछ है अहसास।
पानी वाले देश में, भटक रही है प्यास।।

लोकतंत्र की सिसकियाँ, भ्रष्टतंत्र के खेल।
न्याय तरसता न्याय को, डालें चोर नकेल।।

धीरे-धीरे पी गया, सूरज सारा नीर।
हम नदिया के तट खड़े, कोस रहे तकदीर।।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें